
नलकूप खनन और एकल ग्राम योजना कार्यों में लापरवाही बरतने पर की गई कार्यवाही
न्यूजवॉल सरगुजा छत्तीसगढ़ : कलेक्टर सरगुजा ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक में इस बार मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की विकासखंडवार समीक्षा की साथ ही।
कार्यों में अनावश्यक विलंब और निर्देशों की अवहेलना करने वाले ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस के बाद भी कार्य में लापरवाही-
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने समीक्षा के दौरान पाया कि पूर्व में दिए गए नोटिस के बावजूद कई ठेकेदारों द्वारा नलकूप खनन और निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं लाई गई है। नलकूप खनन कार्य में लगे तीन ठेकेदारों में मेसर्स पीटी नायडू को अनुबंधित दो कार्यों के लिए 7 अक्टूबर 2024, 31 दिसम्बर 2024, 28 फरवरी 2025, 23 अप्रैल 2025, 22 जनवरी 2026 को कुल 10 नोटिस जारी किया गया है। इसी प्रकार मेसर्स महावीर बोरवेल्स को अनुबंधित तीन कार्यों के लिए 7 अक्टूबर 2024, 02 दिसम्बर 2024, 30 दिसम्बर 2024, 31 दिसम्बर 2024, 28 फरवरी 2025, 23 अप्रैल 2025, 22 जनवरी 2026 को कुल 18 नोटिस जारी किया गया है। वहीं मेसर्स शिव शक्ति बोरवेल्स को अनुबंधित दो कार्यों के लिए 14 मई 2024, 7 अक्टूबर 2024, 02 दिसम्बर 2024, 31 दिसम्बर 2024, 28 फरवरी 2025, 23 अप्रैल 2025, 22 जनवरी 2026 को कुल 09 नोटिस जारी किया गया है। इसके बावजूद संबंधित ठेकेदारों द्वारा कार्य में सुधार नहीं किया गया, जिसके चलते अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में एकल ग्राम योजना के तहत कार्यों में धीमी गति वाले तीन अन्य ठेकेदारों में मेसर्स महेंद्र बिल्डकॉन को अनुबंधित एक कार्य के लिए 21 नवम्बर 2024, 16 जून 2023, 03 मार्च 2026 को कुल 03 नोटिस जारी किया गया है। वहीं मेसर्स गुरूदेव कंस्ट्रक्शन को अनुबंधित एक कार्य के लिए 21 नवम्बर 2024, 03 मार्च 2026, 18 अप्रैल 2023, 02 मई 2023, 04 नवम्बर 2024, 21 अगस्त 2025 को कुल 06 नोटिस जारी किया गया है। मेसर्स एक्वा ग्रांट वाटर प्यूरीफायर प्राइवेट लिमिटेड को अनुबंधित एक कार्य के लिए 04 दिसम्बर 2014, 03 मार्च 2026, 30 अप्रैल 2024, 04 नवम्बर 2024 कुल 04 नोटिस जारी किया गया है। संबंधित ठेकेदारों द्वारा कार्यों में प्रगति नहीं दिखाने एवं लापरवाही बरते जाने पर इनके विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि किसी भी ठेकेदारों द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य या धीमी प्रगति पाए जाने पर अनुबंध निरस्त करने के साथ-साथ ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई भी की जाएगी।
समूह जलप्रदाय योजना के प्रगति की समीक्षा–
कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी चिन्हित ग्रामों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश
सोलर आधारित पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने क्रेड़ा विभाग को निर्देशित किया कि चयनित स्थलों पर आदेशित सोलर पंपों की स्थापना तत्काल सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रगतिरत कार्यों को अनिवार्य रूप से पूर्ण करने और शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ , पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।








