न्यूजवॉल जिला बलरामपुर : सरकारी योजना में सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर 5.50 लाख की ठगी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बलरामपुर पुलिस को सफलता मिली है
जानकारी अनुसार बलरामपुर जिले के राजपुर थाना अंतर्गत बरियों चौकी पुलिस ने सरकारी योजना के नाम पर सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने खेत मरम्मत और नहर निर्माण कार्य में सरकारी सब्सिडी दिलाने का लालच देकर एक ग्रामीण से 5 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बादा निवासी प्रेम साय (62 वर्ष) ने चौकी बरियों में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 अप्रैल 2026 को दो युवक पल्सर मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचे और खुद को सरकारी योजना से जुड़े लोग बताते हुए खेत मरम्मत एवं नहर निर्माण कार्य में सब्सिडी दिलाने की बात कही। अगले दिन आरोपियों ने जेसीबी लगाकर खेत में नहर निर्माण कार्य शुरू कराया और खुद को मैनेजर व मुंशी बताकर विश्वास में लिया।

इसके बाद आरोपियों ने टेंडर पास कराने और सब्सिडी स्वीकृत कराने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये जमा करने की मांग की। पीड़ित को भरोसे में लेकर आरोपी उसे अंबिकापुर स्थित बैंक ले गए, जहां से चेक के माध्यम से राशि निकलवाकर अपने कब्जे में ले ली। रुपये लेने के बाद आरोपी रसीद लाने का बहाना बनाकर फरार हो गए। बाद में उनके मोबाइल नंबर भी बंद मिले और जेसीबी मशीन भी गायब हो गई।
मामले में चौकी बरियों में अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत धारा 318(2), 318(4), 61(2) भा.न्या.सं. के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम को उत्तरप्रदेश के बाराबंकी जिले भेजा गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंजूर खान (42 वर्ष), अमीन खान (45 वर्ष) एवं मंजूर खान (55 वर्ष) निवासी फतेहपुर, जिला बाराबंकी (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।तीनों आरोपियों को 11 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।








